दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित तौर पर पूरा नहीं गाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। इस मामले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है।
वंदे मातरम् के दौरान सोनिया गांधी के इशारे का शिकायत में जिक्र
शिकायत 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने कुछ ऐसे इशारे किए, जिनसे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताए जाने की बात सामने आती है। शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो का भी उल्लेख किया गया है। इसमें वह कथित तौर पर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।
जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग
शुभ शर्मा ने अपनी शिकायत में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में राष्ट्रीय गीत के गायन को जानबूझकर रोकने या कार्यक्रम में बाधा डालने से संबंधित कानूनी प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
DCP सेंट्रल ने कहा- शिकायत की जांच की जा रही है
मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल का बयान भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् के गायन के समय हुई कथित घटना के संबंध में मिली शिकायत की जांच की जा रही है।
ओडिशा में भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा की ओडिशा इकाई ने भी रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर की गई है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया गंभीर आरोप
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्र गीत के गायन का कथित तौर पर अपमान करने और उसमें बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पांडा ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् का अपमान करने और उसके गायन में बाधा डालने से दंडनीय अपराध हुआ है।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस ने भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि वंदे मातरम् के गायन को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह कुछ समय से खड़े थे।
भाजपा ने भुवनेश्वर में निकाला मौन जुलूस
विवाद के बीच भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी कार्यालय से मास्टर कैंटीन चौक स्थित कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकाला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के व्यवहार से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
