छठ की खुशियां मातम में बदलीं! समस्तीपुर के 3 घाटों पर डूबने से तीन युवकों की मौत, दीप विसर्जन के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ महापर्व के दौरान तीन अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिले के वारिसनगर, सरायरंजन और बिथान प्रखंड में पोखर में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों घटनाएं छठ पूजा के दौरान हुईं। हादसों के बाद संबंधित गांवों में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दीप विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक

पहली घटना वारिसनगर प्रखंड के गोही गांव की है। यहां रामजानकी मंदिर स्थित पोखर में सूर्य को अर्घ्य देने के बाद दीप विसर्जन के दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह गहरे गड्ढे में डूब गया और उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान गोही गांव निवासी संजय साह के रूप में हुई है।

बताया गया कि दीप विसर्जन करते समय युवक पोखर के गहरे हिस्से में पहुंच गया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।

सरायरंजन में छठ पूजा के दौरान 22 वर्षीय युवक की मौत

दूसरा हादसा सरायरंजन प्रखंड के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र स्थित गोहदा में हुआ। यहां छठ पूजा के दौरान पोखर में डूबने से 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सुगापाकर गांव निवासी कमलेश राय के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बिथान के पुसहो गांव में भी डूबने से गई जान

तीसरी घटना बिथान प्रखंड के पुसहो गांव की है। यहां सरस्वती पोखर में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

छठ जैसे पवित्र और उल्लास के पर्व के दौरान तीन युवकों की मौत से समूचे इलाके में मातम पसरा है। जिन घरों में पर्व की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related posts