मेनोपॉज के कारण रातभर नहीं आती नींद? डाइट में शामिल करें ये चीजें, इंसोमनिया की परेशानी हो सकती है कम

नई दिल्ली: मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का एक प्राकृतिक जैविक चरण है, जो आमतौर पर 45 से 55 साल की उम्र के बीच आता है। इस दौरान शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं। इनका असर मूड, शारीरिक स्वास्थ्य और नींद पर भी पड़ सकता है। कई महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान इंसोमनिया यानी अनिद्रा की समस्या होने लगती है। हालांकि, खानपान और जीवनशैली में कुछ बदलाव करके इसके लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।

एस्ट्रोजन का स्तर कम होने से बिगड़ सकती है नींद

मेनोपॉज के दौरान अंडाशय अंडों का उत्पादन बंद कर देते हैं और मासिक धर्म का चक्र स्थायी रूप से रुक जाता है। इस समय शरीर में एस्ट्रोजन समेत कई हार्मोन का स्तर बदलता है। एस्ट्रोजन की कमी के कारण महिलाओं को नींद आने में परेशानी और बार-बार नींद टूटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

इसके अलावा रात में पसीना आना, एंग्जाइटी और मूड स्विंग्स भी नींद को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में संतुलित खानपान और बेहतर दिनचर्या अपनाना फायदेमंद हो सकता है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम फैट वाले प्रोटीन से भरपूर भोजन बेहतर नींद में मदद कर सकता है।

अदरक, बादाम और तिल के बीज डाइट में करें शामिल

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मेनोपॉज के दौरान अदरक, बादाम, काजू और तिल के बीजों को डाइट में शामिल किया जा सकता है। इन खाद्य पदार्थों में मैग्नीशियम पाया जाता है, जो मांसपेशियों को आराम देने और नींद की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद कर सकता है।

विटामिन ई से भरपूर चीजें खाएं

मेनोपॉज के दौरान कुछ महिलाओं को रात में पसीना आने की समस्या होती है, जिससे उनकी नींद प्रभावित हो सकती है। ऐसे में विटामिन ई से भरपूर खाद्य पदार्थ डाइट का हिस्सा बनाए जा सकते हैं। बादाम, नारियल, अलसी के बीज, पिस्ता और सूरजमुखी के बीज विटामिन ई के अच्छे स्रोत हैं।

ओमेगा-3 फैटी एसिड भी हो सकता है फायदेमंद

ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर के लिए जरूरी हेल्दी फैट हैं। ये मूड को बेहतर रखने और नींद से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए डाइट में मछली, बाजरा, जौ और रागी जैसे खाद्य पदार्थ शामिल किए जा सकते हैं।

रात में कैफीन और शराब से बनाएं दूरी

मेनोपॉज के दौरान बेहतर नींद के लिए रात में कैफीन और शराब का सेवन करने से बचना चाहिए। इनके सेवन से शरीर को आराम मिलने और अच्छी नींद आने में परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाने से नींद से जुड़ी समस्याओं को मैनेज करने में मदद मिल सकती है।

Related posts