यूपी चुनाव से पहले अभिजीत दीपके की CJP ने उतारी सबसे बड़ी टीम, क्या विधानसभा चुनाव में भी आजमाएगी किस्मत?

नई दिल्ली: अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने उत्तर प्रदेश समेत देश के 10 राज्यों में अपनी प्रदेश स्तरीय समितियों का ऐलान किया है। इन नियुक्तियों में सबसे बड़ी टीम उत्तर प्रदेश में बनाई गई है। राज्य में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी के इस कदम को लेकर चुनावी मैदान में उतरने की अटकलें तेज हो सकती हैं। हालांकि, CJP पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि फिलहाल उसकी चुनाव लड़ने या राजनीतिक दल के रूप में मैदान में उतरने की कोई योजना नहीं है।

पार्टी ने राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इनमें उत्तर प्रदेश की समिति में सबसे ज्यादा 16 सदस्य शामिल किए गए हैं। पार्टी का कहना है कि उसका लक्ष्य संगठन को विधानसभा स्तर तक पहुंचाना है। ये टीमें निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके अधूरे वादों और कामों के लिए जवाबदेह ठहराने का काम करेंगी।

किस राज्य में कितने पदाधिकारी नियुक्त किए गए?

CJP की घोषित समितियों में महाराष्ट्र में 15 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में 14-14 सदस्य शामिल हैं। बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा और उत्तराखंड में 6-6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है।

इससे पहले पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी टीम का ऐलान किया था। अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था। वहीं, क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन का प्रभारी नियुक्त किया गया है। मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तरी जोन समन्वय समिति में जगह दी गई है।

क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी CJP?

उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी समिति गठित किए जाने के बावजूद CJP ने विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार किया है। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पार्टी की सदस्य और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास ने कहा कि CJP एक राजनीतिक दबाव समूह है और आगे भी इसी भूमिका में काम करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कोई राजनीतिक दल खड़ा करने की योजना नहीं है।

इससे पहले अभिजीत दीपके समेत पार्टी के शीर्ष नेता भी सक्रिय चुनावी राजनीति में तत्काल उतरने से इनकार कर चुके हैं। पार्टी का जोर चुनाव लड़ने के बजाय जनमुद्दों को उठाने और निर्वाचित प्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाने पर है।

लोकसभा क्षेत्रों से शुरू होगा संगठन का विस्तार

CJP के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने बताया था कि पार्टी के सदस्य शुरुआत में लोकसभा क्षेत्रों के हिसाब से काम करेंगे। संगठन और सदस्यता का विस्तार होने के साथ ही गतिविधियों को विधानसभा स्तर तक ले जाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत महाराष्ट्र से की गई है, जहां सदस्य कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। पार्टी के कुछ सदस्य नए लोगों को संगठन से जोड़ने के लिए हरियाणा में भी सक्रिय हैं।

भाजपा के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही पार्टी

CJP कई मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इनमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा भी शामिल है। अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि भाजपा 2029 के लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर हो जाएगी। उन्होंने कहा था कि सत्ता परिवर्तन चुनाव के जरिए ही होगा।

चुनाव आयोग के खिलाफ भी खोला मोर्चा

फिलहाल CJP ने चुनाव आयोग के खिलाफ भी अभियान छेड़ रखा है। पार्टी की प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है। CJP ने कहा है कि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था लागू होने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।

अभिजीत दीपके ने इस मुद्दे पर कहा था कि ज्ञानेश कुमार को पद से जाना होगा। उन्होंने यह भी दावा किया था कि ऐसा होने पर नरेंद्र मोदी भी सत्ता से बाहर हो जाएंगे।

Related posts