नई दिल्ली: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय और सत्ता के समीकरण बदलने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट के कई वरिष्ठ विधायक दोनों धड़ों के विलय के बाद एनडीए में शामिल होने के पक्ष में हैं। वहीं, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में भी 20 से 22 विधायकों के टूटने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इन चर्चाओं पर अभी तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। दोनों गुटों के नेताओं की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
एनसीपी के विलय की अटकलों के बीच लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने साफ कहा है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह विपक्षी INDIA गठबंधन के साथ हैं। दूसरी ओर, सुनेत्रा पवार गुट ने विधायकों के पार्टी छोड़ने की खबरों को खारिज किया है।
शरद पवार गुट में विलय और NDA में जाने को लेकर चर्चा
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि शरद पवार गुट के वरिष्ठ विधायकों का एक वर्ग दोनों एनसीपी गुटों के विलय के बाद महाराष्ट्र की सत्ताधारी एनडीए सरकार में शामिल होने का इच्छुक है। बताया जा रहा है कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस प्रस्ताव के समर्थन में हैं।
हालांकि, इस मुद्दे पर शरद पवार खेमे में एकराय नहीं है। विधायक रोहित पवार कथित तौर पर विलय और एनडीए में जाने के पक्ष में नहीं हैं। विधायक रोहित पाटिल ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी आपत्तियां जताई हैं। हालांकि, उन्होंने कहा है कि पार्टी नेतृत्व जो भी अंतिम फैसला करेगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।
अजित पवार के निधन से पहले हुई थीं 17 बैठकें
एनसीपी के दोनों गुटों के बीच विलय की संभावनाओं पर पहले भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार के जीवित रहने के दौरान इस मुद्दे पर करीब 17 बैठकें हुई थीं। उस समय चर्चा में शामिल एक शर्त यह भी बताई गई कि विलय की प्रक्रिया में शरद पवार सीधे तौर पर शामिल नहीं होंगे।
अब फिर शुरू हुई बातचीत में भी इसी तरह की संभावनाओं पर विचार किए जाने की चर्चा है। सूत्रों का दावा है कि एनडीए सरकार में शामिल होने से जुड़े फैसलों की प्रक्रिया में भी शरद पवार की प्रत्यक्ष भूमिका नहीं हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुनेत्रा पवार गुट के 20 से 22 विधायकों पर टूट की अटकलें
एनसीपी में संभावित टूट को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं। राउत के मुताबिक, ये विधायक अपने पुराने राजनीतिक खेमे में लौट सकते हैं या चुनाव से पहले किसी दूसरी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
हालांकि, संजय राउत ने अपने दावे के समर्थन में किसी विधायक का नाम नहीं बताया था। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में एनसीपी के भीतर संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।
NCP का दावा- सभी 41 विधायक सुनेत्रा पवार के साथ
विधायकों के टूटने की अटकलों को एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी 41 विधायक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कोई भी विधायक पार्टी छोड़कर नहीं जा रहा है और संगठन में किसी तरह की टूट की आशंका नहीं है।
विलय की चर्चाओं पर भी तटकरे ने कहा कि उन्हें इन अटकलों में कोई सच्चाई नजर नहीं आती। उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार उनके सम्मानित नेता हैं और उनसे मुलाकात करने में कोई गलत बात नहीं है।
शरद पवार से मुलाकात को लेकर भी हलचल
सुनील तटकरे ने कहा कि शरद पवार ने ही पार्टी के नेताओं को तैयार किया है। उन्होंने बताया कि अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी का एक धड़ा खास राजनीतिक विचारधारा के आधार पर एनडीए में शामिल हुआ था, लेकिन शरद पवार के प्रति उनका सम्मान अब भी कायम है।
तटकरे ने कहा कि जब भी वह मुंबई में रहेंगे, शरद पवार से मुलाकात जरूर करेंगे। इस बीच पार्थ पवार और प्रफुल्ल पटेल पहले ही शरद पवार से मिल चुके हैं। इन मुलाकातों को भी दोनों गुटों के बीच संभावित राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
सुप्रिया सुले ने विलय की खबरों को बताया बेबुनियाद
एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की चर्चाओं पर सुप्रिया सुले ने भी स्थिति साफ की है। एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि विलय को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने यह भी दोहराया कि वह INDIA गठबंधन के साथ हैं।
सुप्रिया सुले के मुताबिक, अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह चर्चा समाप्त हो गई। ऐसे में फिलहाल एनसीपी के विलय या किसी नए गठबंधन में शामिल होने को लेकर जारी अटकलों पर अंतिम तस्वीर साफ नहीं है।
