चंपत राय पर भी SIT का शिकंजा? संतोष दुबे से घंटों पूछताछ, आज सौंपेंगे दस्तावेजी साक्ष्य

लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने रविवार को हिंदू धर्मसेना प्रमुख और पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष दुबे से लंबी पूछताछ की। इस दौरान उनका बयान दर्ज किया गया और लगाए गए आरोपों के समर्थन में दस्तावेजी साक्ष्य मांगे गए। संतोष दुबे ने कहा कि वह सोमवार को सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज SIT को उपलब्ध कराएंगे।

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे संतोष दुबे ने पिछले कुछ समय से राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय समेत अन्य पदाधिकारियों पर चढ़ावा चोरी और जमीन सौदों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर SIT ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया और सिलसिलेवार जानकारी ली।

आधे घंटे तक चली पूछताछ

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय में SIT ने वर्चुअल माध्यम से करीब आधे घंटे तक संतोष दुबे से पूछताछ की। टीम की सदस्य किरण एस ने आरोपों से जुड़े कई सवाल पूछे और प्रत्येक दावे के समर्थन में उपलब्ध रिकॉर्ड की जानकारी ली। संतोष दुबे ने बताया कि उनके पास संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें वह जांच एजेंसी को सौंप देंगे।

चढ़ावा चोरी से लेकर जमीन सौदों तक लगाए आरोप

पूछताछ के दौरान संतोष दुबे ने मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के साथ-साथ ट्रस्ट द्वारा जमीन खरीद से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया। उनका दावा है कि उन्होंने वर्ष 2002 में राम शिलाओं की कथित चोरी से लेकर हालिया घटनाओं तक का क्रमवार विवरण SIT के सामने रखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जबकि जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

SIT ने मांगे सभी दस्तावेज

जांच टीम ने संतोष दुबे से स्पष्ट रूप से पूछा कि उनके आरोपों के समर्थन में कौन-कौन से प्रमाण उपलब्ध हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सभी जरूरी रिकॉर्ड सुरक्षित हैं और सोमवार को SIT को उपलब्ध करा दिए जाएंगे, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ सके।

‘अगर आरोप गलत हैं तो सजा भुगतने को तैयार’

पूछताछ के बाद संतोष दुबे ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सच्चाई सामने लाना है। उन्होंने कहा कि यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं तो वह दंड भुगतने के लिए भी तैयार हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।

 

Related posts