हाईकोर्ट द्वारा जुर्माना लगाने के बाद हरकत में आया जिला प्रशासन, बैठक में ग्राम प्रधान ने दर्ज कराई कड़ी आपत्ति……..

उन्नाव।बांगरमऊ ​इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने जनपद हरदोई के विकास खण्ड मल्लावां के ग्राम पंचायत गंज जलालाबाद जांच की वर्तमान स्थिति स्पष्ट न कर पाने पर नाराजगी जताते हुए डीएम हरदोई पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह की अदालत ने अभिषेक दीक्षित बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य (सिविल मिसलेनियस रिव्यू एप्लीकेशन संख्या 142/2026) से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान यह आदेश पारित किया, जिसमें 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित राशि जमा करने का निर्देश दिया गया तथा 30 नवंबर को डीएम स्वयं कोर्ट में उपस्थित रहने का का भी आदेश दिया है।


​अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को पारित रिट याचिका के आदेश में आठ सप्ताह के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 23 नवंबर 2026 की सुनवाई में अदालत ने राज्य के स्थायी अधिवक्ता से जांच शुरू होने की तिथि, याचिकाकर्ता को शामिल करने की प्रक्रिया, नियत तारीखों और उनके परिणामों का स्पष्ट विवरण मांगा था।

सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि स्थायी अधिवक्ता न्यायालय को संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके और संबंधित अधिकारी व अधिवक्ता के बीच संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है। हालांकि सुनवाई के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) हरदोई के हस्ताक्षरित 25 नवंबर 2026 के लिखित निर्देश की प्रति पेश की गई, किंतु न्यायालय ने पाया कि इससे पूर्व के प्रश्नों का समाधान होने के बजाय स्थिति और अस्पष्ट हो गई है, जिसके चलते सुनवाई स्थगित करते हुए कॉस्ट अधिरोपित की गई। ​


उक्त न्यायिक कार्यवाही के पश्चात शनिवार, 28 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत गंज जलालाबाद के पंचायत कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में उपायुक्त मनरेगा (जनपद हरदोई) संतोष कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता श्री कुशवाहा, विकासखंड मल्लावां के खंड विकास अधिकारी (BDO), सहायक विकास अधिकारी (ADO) तथा ग्राम पंचायत गंज जलालाबाद के ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे। ​बैठक के दौरान ग्राम प्रधान अभिषेक दीक्षित ने अपना पक्ष दृढ़तापूर्वक रखते हुए अपने ऊपर लगाए गए समस्त आरोपों को निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने विधिक आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि उन्हें अब तक विधिवत लिखित आरोपपत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है और पूर्व में संपादित की गई जांच कार्यवाही उनकी अनुपस्थिति में की गई, जो कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (प्रधानों, उप-प्रधानों और सदस्यों को हटाया जाना और जांच) नियमावली के नियम 6 (आर्टिकल 6) के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। ​

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों एवं उपस्थित लोगों के अनुसार, बैठक के दौरान जांच अधिकारियों की टीम औपचारिकता निभाती प्रतीत हुई, जबकि ग्राम प्रधान ने विधिक बिंदुओं पर अपना पक्ष मजबूती से रखा। माननीय न्यायालय ने आरोप पत्र और एविडेंस न उपलब्ध कराए जाने के कारण जिलाधिकारी पर 5 हजार का अर्थ दंड भी दिया था। इसके बावजूद भी अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे है और पुनः बिना आरोप पत्र दिए जांच कर रहे हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सदस्य रामकुमार गौतम, बुद्धू गौतम, रामू विश्वकर्मा के साथ अतुल, अटल, सत्यम, राजेंद्र तिवारी, गुड्डू दुबे एवं अन्य ग्रामवासी भी मौजूद रहे।

Related posts