नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच INDIA गठबंधन में शामिल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को हिंदुत्व का बड़ा चेहरा बताते हुए कहा कि योगी नहीं तो यूपी नहीं। राउत ने यह भी कहा कि वे खुद योगी आदित्यनाथ को बहुत प्यार करते हैं और उन्हें एक काबिल नेता मानते हैं।
संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया है, तो यह तारीफ के काबिल है। उन्होंने कहा कि योगी एक सक्षम व्यक्ति हैं और हिंदुत्व के ऐसे चेहरे हैं, जो सबसे ऊपर हैं। राउत के मुताबिक, योगी को भरोसा है कि आगामी चुनाव में उन्हें बहुमत मिलेगा और जीतकर आने वाले विधायक उनका समर्थन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन विधायक दल के नेता के तौर पर होता है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ को विश्वास है कि चुनाव के बाद निर्वाचित होने वाले विधायकों में उनके समर्थकों की संख्या अधिक होगी।
सीएम चेहरे को लेकर योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा था?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सीएम फेस से जुड़े सवाल पर कहा था कि भाजपा के लिए कमल ही सब कुछ है। पार्टी में कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि चुनाव सभी को कमल के निशान पर ही लड़ना है और वह खुद भी इसी चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरेंगे।
केशव मौर्य ने भी कमल को बताया था भाजपा का चेहरा
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर इसी तरह का बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल है और पार्टी चुनाव इसी निशान पर लड़ती है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी।
मौर्य ने यह भी कहा था कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। चुनाव के बाद वह फिर इस पद पर बने रहेंगे या कोई दूसरा नेता जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय निर्वाचित होने वाले विधायक करेंगे। भाजपा के दोनों नेताओं के बयानों के बाद मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जितिन प्रसाद ने भी योगी की वापसी का किया दावा
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में लौटेंगे। प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए मिलकर काम कर रही है।
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली थीं 255 सीटें
उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में भाजपा ने 376 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें हासिल की थीं।
वहीं, कांग्रेस को 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद सिर्फ दो सीटें मिली थीं। बहुजन समाज पार्टी के खाते में एक सीट आई थी, जबकि राष्ट्रीय लोकदल ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी।
