UP में फिर मिला कोरोना का नया केस: वाराणसी के 27 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव, बीएचयू अस्पताल में भर्ती

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। वाराणसी के 27 वर्षीय युवक की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक को कई दिनों से सांस लेने में दिक्कत की शिकायत थी, जिसके बाद जांच कराई गई और संक्रमण की पुष्टि हुई।

डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले की तुलना में काफी धीमी हो चुकी है, लेकिन वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच और उपचार जरूरी है।

सांस लेने में तकलीफ के बाद हुई जांच

जानकारी के अनुसार, संक्रमित युवक वाराणसी के आशापुर क्षेत्र का रहने वाला है। उसे कई दिनों से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। बीएचयू के चेस्ट एवं टीबी विभाग में चिकित्सकीय परामर्श के बाद कोविड-19 की जांच कराई गई, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया।

हर महीने सामने आ रहे एक-दो मामले

डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल में हर महीने एक या दो मरीजों की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। यह संकेत है कि संक्रमण अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और सीमित स्तर पर लोगों को प्रभावित कर रहा है।

‘कोरोना वायरस पूरी तरह खत्म नहीं होगा’

आईएमएस-बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व डीन (रिसर्च) प्रो. गोपालनाथ के अनुसार, कोरोना वायरस पूरी तरह समाप्त होने वाला संक्रमण नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 और 2021 में वायरस नया होने के कारण लोगों में इसके खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता नहीं थी, जिससे संक्रमण तेजी से फैला।

उन्होंने कहा कि बाद में संक्रमण और टीकाकरण के कारण लोगों के शरीर में प्रतिरक्षा विकसित हुई, जिसके चलते अब वायरस पहले जैसी गंभीर स्थिति पैदा नहीं कर रहा है।

इन लोगों को बरतनी होगी ज्यादा सावधानी

विशेषज्ञों के अनुसार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, मधुमेह, हृदय रोग, किडनी रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों में संक्रमण होने पर जटिलताओं का खतरा अधिक हो सकता है।

यदि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए जांच करानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें और हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

 

Related posts