अयोध्या: रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों के संगम की साक्षी बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण धार्मिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में जैन समाज का प्रतिष्ठित पंचकल्याणक महोत्सव, श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संत महंत नृत्य गोपालदास का जन्मोत्सव समारोह, रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन और नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जैन पंचकल्याणक महोत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेंगे। जैन धर्म में इस आयोजन को अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है। यह महोत्सव तीर्थंकरों के जीवन से जुड़े गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष जैसे पांच प्रमुख कल्याणकों की स्मृति में आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम में देशभर से आए जैन संत, धर्माचार्य और श्रद्धालु शामिल होंगे। अयोध्या का जैन परंपरा से भी ऐतिहासिक संबंध माना जाता है, ऐसे में मुख्यमंत्री की उपस्थिति आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करेगी।
महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में भी रहेंगे मौजूद
शाम करीब 4:20 बजे मुख्यमंत्री महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख संतों में शुमार महंत नृत्य गोपालदास की सनातन परंपरा और राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका रही है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महंत, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।
रामायण वैक्स म्यूजियम का होगा उद्घाटन
अयोध्या के कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र के पास करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह परियोजना अयोध्या के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को नई पहचान देने वाली मानी जा रही है।
म्यूजियम में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को मोम प्रतिमाओं के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान समेत अनेक पात्रों की आकर्षक प्रतिमाएं यहां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।
विकास परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री नगर निगम अयोध्या की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रही रामनगरी में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाना है।
राम मंदिर निर्माण के बाद देश-विदेश से बढ़ रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए सरकार अयोध्या में आधुनिक सुविधाओं और पर्यटन अवसंरचना के विस्तार पर लगातार जोर दे रही है।
