उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर): अनुकूल मौसम और खुशनुमा वातावरण के बीच उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में आयोजित नो बैग डे विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर अनुभव, चिंतन और जीवन-कौशल सीखने का अवसर बना। विद्यालय में एक ओर विद्यार्थियों ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म का प्रदर्शन देखकर बाबा नीब करौली के जीवन-वृत्त एवं उनसे जुड़े प्रेरक जीवन-मूल्यों को समझा, वहीं दूसरी ओर Learning By Doing (LBD) के अंतर्गत पोषण वाटिका को नया स्वरूप देते हुए जैविक खेती की व्यावहारिक गतिविधियां कीं।
विद्यार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन दो चरणों में किया गया।फिल्म के माध्यम से बच्चों को जीवन में सेवा, सरलता, अनुशासन, मानवीय संवेदना और सकारात्मक सोच जैसे मूल्यों पर विचार करने का अवसर मिला। फिल्म देखने के बाद बच्चों ने उससे जुड़े अनुभव साझा किए, जिससे गतिविधि केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर चिंतनपरक सीख का माध्यम बनी।इसके बाद शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को पोषण वाटिका की छोटी-छोटी क्यारियां सौंपते हुए उन्हें पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी दी। शिक्षिका रमनजीत कौर के मार्गदर्शन में प्रियंका, राजकुमार, सूरज, आशीष, आयुष, रोहित, ईशान, माही सहित विद्यार्थियों ने भिंडी, करेला, धनिया, चुकंदर और गाजर के बीज रोपे तथा जैविक खेती, मिट्टी की तैयारी और पौधों की प्राकृतिक देखभाल की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय की पोषण वाटिका के लिए शिक्षक इंद्रपाल द्वारा निजी खर्च से नियुक्त माली ने पूर्व में लगाए गए लौकी, कद्दू, तोरई आदि के पौधों में आवश्यक दवा का छिड़काव किया गया।
प्रधानाध्यापिका शशि देवी की उपस्थिति में हुई इन गतिविधियों ने नो बैग डे को ‘देखो, समझो, करो और जिम्मेदारी निभाओ’ की अवधारणा से जोड़ा। सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न यह आयोजन बच्चों में स्वस्थ जीवन, सामाजिकता, पर्यावरणीय चेतना, श्रम की गरिमा और आत्मनिर्भरता जैसे जीवन-मूल्यों को व्यवहार से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल रहा।
