आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार बस ट्रक से टकराई; चालक समेत 8 यात्री घायल

कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बस और ट्रक की टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में बस चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में फंस गया। करीब आधे घंटे तक चले राहत अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी बस

जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली की लक्ष्मी हालीडेज कंपनी की बस करीब 45 यात्रियों को लेकर दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। बस को मेरठ के निशानी गेट स्थित समर कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय इंतजार चला रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4:15 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 172 पर तालग्राम टोल प्लाजा के पास बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।

स्टीयरिंग में फंस गया चालक, क्रेन और हाइड्रा से निकाला गया बाहर

हादसे के बाद चालक इंतजार बस के स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही थाना तालग्राम पुलिस, पीआरवी-112, यूपीडा की सुरक्षा टीम, एंबुलेंस, सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और एसएसआई संतोष कुमार चंदेल मौके पर पहुंचे। क्रेन और हाइड्रा की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में उसके बाएं पैर में चोट आई है।

इन यात्रियों को भी आई चोटें

हादसे में संतकबीर नगर के दुधारा थाना क्षेत्र के बूढ़ी बलार गांव निवासी हनुमान यादव, उनकी पत्नी सुनीता, पुत्र शिवम और ऋतिक, गोरखपुर के एम्स निवासी अभिषेक, गोरखपुर के चिकिताल निवासी सौभाग्य तथा तमिलनाडु के सेलम निवासी गोकुल भी घायल हुए हैं।

मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए घायल

सभी घायलों को यूपीडा और 108 एंबुलेंस की मदद से तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दूसरी बस से भेजे गए यात्री, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Related posts