उन्नाव। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से गुरुवार को डीएसएन (पीजी) कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 580 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट एवं प्राथमिक रूप से चयनित किए गए। 20 से अधिक कंपनियों और संस्थानों ने युवाओं को दो हजार से अधिक रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता ने किया। उन्होंने रोजगार मेलों को युवाओं तक रोजगार के अवसर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने युवाओं से अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा ने रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
मेले में भारतीय वायुसेना कानपुर चकेरी एयरमैन सिलेक्शन टीम, एलआईसी, काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स, जी4एस सिक्योर सॉल्यूशंस, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन स्किल्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट समेत 20 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रिशियन, सुपरवाइजर, सेल्स एवं मार्केटिंग, फील्ड ऑफिसर, स्कैफोल्डर, वैन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव और अन्य पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
मेले में अग्निवीर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, अभ्युदय योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। चयनित अभ्यर्थियों दीपक कुमार, आकाश, प्रभाकर गुप्ता, शोभित, मनीष और हर्षित को मंच से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमेंद्र सिंह सेंगर ने आयोजन को युवाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना भी है। कार्यक्रम का संचालन अनुपम सिंह ने किया। आयोजन में करियर काउंसलिंग सेल के समन्वयक डॉ. अनिल साहू समेत कॉलेज एवं सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों ने सहयोग किया।
