चंडीगढ़ में सुप्रिया श्रीनेत का भाजपा पर हमला, बोलीं- 2027 का पंजाब चुनाव गुरु नानक देव जी के वचनों और श्रीराम के नाम पर लड़ेगी कांग्रेस

चंडीगढ़: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव श्री गुरु नानक देव जी के वचनों और भगवान श्रीराम के नाम पर लड़ेगी। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सवाल उठाए।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़ा कथित वित्तीय अनियमितता का मामला केवल चोरी का नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल या धर्म तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भी राम नाम का महत्व रहा है।

निजी सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम लेते हुए सवाल किया कि केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद निजी सुरक्षा एजेंसी की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने दावा किया कि संबंधित सुरक्षा एजेंसी भाजपा से जुड़े व्यक्ति की बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वे ही प्रेस वार्ता कर रहे हैं।

आरटीआई से बाहर रखने पर भी जताई आपत्ति

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि वर्ष 2020 में गठित राम जन्मभूमि ट्रस्ट में भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों को शामिल किया गया तथा ट्रस्ट को सूचना के अधिकार (आरटीआई) के दायरे से बाहर रखा गया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद हुआ, लेकिन इसका राजनीतिक श्रेय प्रधानमंत्री ने लिया।

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर भी दिया जवाब

पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के सवाल पर सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सभी नेता एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करते हैं। उनके अनुसार कांग्रेस किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है और हर नेता को अपनी बात रखने का अधिकार है।

2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मौजूदगी में सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव श्री गुरु नानक देव जी के वचनों और भगवान श्रीराम के नाम पर लड़ेगी। वहीं, फिल्म ‘सतलुज’ विवाद को लेकर उन्होंने भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

 

Related posts