रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, बोले- आपका समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रखर वक्ता, जनप्रिय नेता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन और कार्यशैली करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

सीएम योगी ने एक्स पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि प्रखर वक्ता एवं जनप्रिय राजनेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना भी की।

दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने भी दी बधाई

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने शुभकामना संदेश में राजनाथ सिंह को लोकप्रिय नेता, प्रखर वक्ता और सभी का संरक्षक बताते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की।

लखनऊ को बनाया अपनी कर्मभूमि

10 जुलाई 1951 को चंदौली में जन्मे राजनाथ सिंह ने लखनऊ को अपनी कर्मभूमि बनाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लगातार तीसरी बार लखनऊ का प्रतिनिधित्व करते हुए लोकसभा तक का सफर तय किया। गृह मंत्री के बाद वर्तमान में वह देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

संसदीय क्षेत्र से लगातार जुड़े रहते हैं

राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ से लगातार जुड़े रहते हैं। समय-समय पर शहर का दौरा कर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात करते हैं। किसी कार्यकर्ता के परिवार में दुखद घटना होने पर शोक व्यक्त करना और लखनऊ आने पर उनके घर पहुंचना उनकी कार्यशैली का हिस्सा माना जाता है।

लखनऊ के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं में रही भूमिका

राजनाथ सिंह की पहल पर लखनऊ के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, आउटर रिंग रोड, शहर में फ्लाईओवरों का विस्तार और इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का शुभारंभ 13 जुलाई को प्रस्तावित है।

 

Related posts