दिल्ली में BJP सांसद के सरकारी आवास में चोरी, टैबलेट से लेकर बाथरूम की टोटी और गटर का ढक्कन तक ले गए चोर

नई दिल्ली: राजधानी के अति-सुरक्षित फिरोजशाह रोड इलाके में राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी की वारदात सामने आई है। कोठी नंबर-18 में हुई चोरी के दौरान चोर घर से टैबलेट और अन्य सामान ले गए। इतना ही नहीं, बाथरूम की टोटी उखाड़ने के साथ घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी चोरी कर लिया गया। घटना के समय सांसद और उनका परिवार दिल्ली में मौजूद नहीं था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

शनिवार शाम बाराखंभा रोड थाना पुलिस को सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू की। सांसद के सरकारी आवास से जुड़ा मामला होने के चलते फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।

चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिली

शुरुआती जांच में टैबलेट, कुछ जरूरी सामान और बाथरूम की टोटी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी गायब मिला। चोरी गए सामान की पूरी सूची अभी तैयार नहीं हो सकी है।

सांसद के परिवार के सदस्य रविवार रात तक दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आने के बाद घर की विस्तृत जांच और सामान का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही चोरी गए सामान की सही संख्या और कीमत का पता चल सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए चोरों के परिसर में दाखिल होने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या चोरी से पहले सरकारी आवास की रेकी की गई थी।

टोटी और गटर का ढक्कन चोरी होने की भी जांच

गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोटी तक चोरी किए जाने को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों से भी संपर्क कर रही है, ताकि इन सामानों को ले जाने के पीछे चोरों के मकसद का पता लगाया जा सके। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है।

Related posts