अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर भाजपा की नजर? 2027 चुनाव से पहले योगी की मौजूदगी में बना बड़ा सियासी चक्रव्यूह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में पार्टी की दो दिवसीय चिंतन बैठक के जरिए कई सियासी संकेत देने की कोशिश हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश और संगठन के बड़े नेता इस मंथन में शामिल हैं। मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में हिस्सा लेंगे। राजनीतिक नजरिए से इस बैठक को इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा भी भाजपा के आगामी चुनावी एजेंडे का प्रमुख हिस्सा बन सकता है।

मथुरा में हो रही इस बैठक का मकसद केवल चुनावी तैयारियों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश की सत्ता हासिल करने की रणनीति तैयार करना भी है। पार्टी अपने समर्थक वर्ग को एकजुट रखने के साथ विपक्ष को भी राजनीतिक रूप से घेरने की तैयारी में है। खास बात यह है कि पिछले कुछ समय से भाजपा मथुरा के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को जवाब देने की कोशिश कर रही है।

दरअसल, अखिलेश यादव पहले भी भगवान श्रीकृष्ण के नाम का उल्लेख कर भाजपा पर राजनीतिक निशाना साध चुके हैं। अब उसी मथुरा में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चुनावी रणनीति पर विचार कर रहा है। ऐसे में इस बैठक को धार्मिक और राजनीतिक संदेश के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बूथ, युवा और महिलाओं पर रहेगा भाजपा का खास जोर

चिंतन बैठक में पार्टी की चुनावी रणनीति के केंद्र में बूथ प्रबंधन, युवा मतदाता, महिलाएं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी हैं। भाजपा इन सभी वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करके सत्ता में तीसरी बार वापसी का रास्ता तैयार करना चाहती है।

बैठक में इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि कमजोर विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को किस तरह सक्रिय किया जाए। मोदी और योगी सरकार के कामकाज को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी है। इसके साथ ही मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा भी होगी, ताकि उनके खिलाफ संभावित नाराजगी यानी एंटी-इनकंबेंसी को चुनाव से पहले नियंत्रित किया जा सके।

कमजोर सीटों और 23 हजार बूथों पर विशेष रणनीति

भाजपा का खास ध्यान उन विधानसभा क्षेत्रों पर है, जहां पिछले चुनावों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी या संगठन की स्थिति कमजोर रही है। बैठक में बी और सी श्रेणी की विधानसभा सीटों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा करीब 23 हजार से अधिक कमजोर बूथों को पार्टी की प्राथमिकता में रखा गया है। इन क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और मतदाताओं से सीधा संपर्क मजबूत करने की रणनीति तैयार की जा रही है।

दो दिवसीय मंथन के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठन के पदाधिकारी इस योजना को जमीन पर उतारेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में रैलियां, जनसभाएं, संगठनात्मक बैठकें और क्षेत्रवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

टिकट बंटवारे में सामाजिक समीकरण के साथ जीत पर रहेगा जोर

मथुरा की बैठक में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। भाजपा इस बार टिकट वितरण में जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखने के साथ उन चेहरों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है, जिनके जीतने की संभावना सबसे अधिक हो।

पार्टी विधायकों के कामकाज और क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को भी टिकट का आधार बनाएगी। ऐसे में जिन विधायकों के खिलाफ जनता में नाराजगी है, उनके टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, पिछले चुनाव में हार वाली सीटों पर भी बड़े स्तर पर उम्मीदवार बदलने की रणनीति पर विचार हो रहा है।

इसका मतलब है कि पार्टी केवल पुराने चेहरों के भरोसे चुनाव मैदान में उतरने के बजाय नए और मजबूत उम्मीदवारों को मौका देने पर भी विचार कर रही है।

घर-घर संपर्क से सोशल मीडिया तक विपक्ष की घेराबंदी

चिंतन बैठक के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर चुनावी तैयारियों की निगरानी करेंगे। बूथ प्रबंधन से लेकर घर-घर संपर्क तक अभियान को व्यवस्थित तरीके से चलाने की योजना है।

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखने पर भी जोर रहेगा। इसके साथ ही विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों और राजनीतिक आरोपों का जवाब देने के लिए सोशल मीडिया पर भी पार्टी अपनी सक्रियता बढ़ाएगी।

कुल मिलाकर मथुरा का चिंतन शिविर भाजपा के लिए 2027 के चुनाव की रणनीतिक तैयारी का अहम पड़ाव है। पार्टी की नजर कमजोर सीटों को जीतने, संगठन को मजबूत करने और सामाजिक समीकरण साधने पर है। अब देखना होगा कि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा का राजनीतिक संदेश भाजपा को चुनाव में कितना फायदा पहुंचाता है।

Related posts