सारण: बिहार के विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और पूरे परिसर में पंडाल, स्टॉल, प्रवेश द्वार और मनोरंजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा। 32 दिनों के इस आयोजन में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, कला और मनोरंजन के कई रंग देखने को मिलेंगे।
मेले में विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। शिल्पकारों के लिए स्टॉल बनाए जा रहे हैं, जबकि थिएटर, झूले और मनोरंजन के दूसरे साधनों को लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए 14 कोषांग गठित
मेले में भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मेला संचालन के लिए 14 कोषांग बनाए गए हैं। बेहतर निगरानी के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र को दो जोन और 10 सब-जोन में बांटा गया है।
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के दौरान नदी में सुरक्षा के लिए नावों, नाविकों, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा अस्थायी थाने और पुलिस चौकियां भी बनाई जा रही हैं।
साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अलग-अलग कोषांगों को सौंपी गई है। मेले में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए अस्थायी विद्युतीकरण का काम भी जारी है।
38 हजार वर्गफीट में बनेगा आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज
इस बार मेले का मुख्य पंडाल 220 गुणा 100 फीट के आकार में तैयार किया जा रहा है। परिसर के अलग-अलग प्रवेश मार्गों पर छह थीम आधारित भव्य द्वार भी बनाए जा रहे हैं।
कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए 38 हजार वर्गफीट क्षेत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज विकसित किया जा रहा है। यहां 35 आधुनिक स्टॉल बनाए जा रहे हैं, जहां देश-विदेश के शिल्पकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही वीआईपी लाउंज और मीडिया सेंटर की व्यवस्था भी की जा रही है।
नौका दौड़ से सूफी संगीत तक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
सोनपुर मेले में इस बार भी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की लंबी श्रृंखला देखने को मिलेगी। कार्यक्रमों में भागवत कथा, रामलीला और गंगा आरती के साथ नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी भी शामिल हैं।
कला एवं संस्कृति विभाग के इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियां होंगी। इससे मेले में बिहार की लोक परंपराओं के साथ देश की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
17 दिसंबर से लगेगा सात दिवसीय पुस्तक मेला
सोनपुर मेले के अंतिम सप्ताह में साहित्य प्रेमियों के लिए भी खास आयोजन होगा। 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक सात दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं और अब लोगों को 22 नवंबर को मेले के उद्घाटन का इंतजार है।
