मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अभी से संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी की रणनीति में इस बार ‘यूथ और बूथ’ को खास अहमियत दी जा रही है। खास तौर पर जेन-जी और युवा मतदाताओं को संगठन से जोड़ने पर जोर है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाकर चुनावी आधार मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।
सोमवार को परखम में हुई भाजपा की योजना बैठक में इन दोनों मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर मंथन किया गया कि नई पीढ़ी के बीच पार्टी की पहुंच कैसे बढ़ाई जाए और युवाओं को संगठन की गतिविधियों में अधिक भागीदारी कैसे दी जाए।
जेन-जी तक पहुंच बनाने के लिए नए तरीकों पर मंथन
भाजपा की नजर युवा मतदाताओं की बदलती सोच, उनकी आकांक्षाओं और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव पर है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि युवाओं से संवाद के नए तरीके तलाशे जाएं और उन्हें पार्टी की विचारधारा तथा कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। मकसद अधिक से अधिक युवाओं को संगठन का हिस्सा बनाना और उन्हें सक्रिय भूमिका देना है।
हर बूथ पर मजबूत पकड़ बनाने की तैयारी
युवाओं को जोड़ने के साथ भाजपा बूथ प्रबंधन पर भी खास ध्यान दे रही है। बैठक में प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थानीय मुद्दों की जानकारी रखने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पार्टी की रणनीति है कि युवा शक्ति को संगठन की ताकत बनाया जाए और बूथ स्तर पर ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार हो, जो चुनाव के दौरान प्रभावी भूमिका निभा सके। ‘यूथ और बूथ’ का यह तालमेल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
स्मृति ईरानी ने महिलाओं से जाना हालचाल
बैठक में शामिल होने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटी महिलाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। बैठक के बाद भी उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और खाने के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं के साथ ही भोजन करेंगी। इस दौरान उन्होंने कुछ महिलाओं को नाम लेकर भी बुलाया।
विनोद तावड़े ने कुल्हड़ में पिया गर्म दूध
भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शाम को भोजन के बाद दूध की कढ़ाई के पास पहुंचे। उन्होंने कुल्हड़ में गर्मागर्म दूध पिया और गो अनुसंधान केंद्र की गोशाला के दूध की तारीफ की। इसके बाद उन्होंने बैठक में शामिल लोगों को भी रोक-रोककर दूध पिलाया।
शाम को दो चरणों में भोजन की व्यवस्था की गई थी। पहले बैठक में आमंत्रित 54 लोगों ने रोटी, सब्जी, दाल और रायते का सादा भोजन किया। इसके बाद व्यवस्थाओं में जुटे जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भोजन ग्रहण किया।
