हनुमान जी को श्रीराम ने क्यों कहा था भरत समान भाई? हनुमान चालीसा की इस चौपाई में छिपा है भक्ति और प्रेम का गहरा संदेश

नई दिल्ली: हनुमान चालीसा की हर चौपाई में भक्ति, समर्पण और जीवन से जुड़ी कोई न कोई सीख मिलती है। गोस्वामी तुलसीदास की रची इस स्तुति में एक चौपाई ऐसी भी है, जिसमें भगवान श्रीराम स्वयं बजरंगबली की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने प्रिय भाई भरत के समान बताते हैं। यह पंक्ति श्रीराम और हनुमान जी के बीच के अटूट प्रेम और आत्मीय संबंध को दर्शाती है।

मान्यता है कि सच्चे मन से हनुमान चालीसा का पाठ करने से बजरंगबली की कृपा प्राप्त होती है और जीवन के संकटों का सामना करने की शक्ति मिलती है। इसकी जिस चौपाई की यहां बात हो रही है, वह भक्त और भगवान के रिश्ते की गहराई को समझाती है।

हनुमान चालीसा की खास चौपाई

“रघुपति कीन्हीं बहुत बड़ाई।
तुम मम प्रिय भरत सम भाई॥”

क्या है इस चौपाई का अर्थ?

इस चौपाई का अर्थ है कि भगवान श्रीराम ने हनुमान जी की खूब प्रशंसा की और उनसे कहा कि हे हनुमान! तुम मुझे अपने प्रिय भाई भरत के समान प्यारे हो।

गोस्वामी तुलसीदास ने इन पंक्तियों के माध्यम से श्रीराम और हनुमान जी के बीच के निस्वार्थ प्रेम, विश्वास और समर्पण को अभिव्यक्त किया है। इसमें हनुमान जी के प्रति प्रभु श्रीराम के विशेष स्नेह का वर्णन मिलता है।

लंका में माता सीता की खोज के बाद श्रीराम ने की थी प्रशंसा

पौराणिक कथा के अनुसार, जब रावण माता सीता का हरण कर उन्हें लंका ले गया था, तब हनुमान जी ने समुद्र पार कर लंका पहुंचकर माता सीता का पता लगाया। उन्होंने प्रभु श्रीराम का संदेश सीता माता तक पहुंचाया और लौटकर उन्हें पूरी जानकारी दी।

हनुमान जी के इस साहस, पराक्रम और सेवाभाव से भगवान श्रीराम अत्यंत प्रसन्न हुए। उन्होंने उनकी खूब प्रशंसा की और उन्हें अपने प्रिय भाई भरत के समान बताया।

भगवान श्रीराम के लिए भरत का विशेष स्थान था। भरत को त्याग, प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में हनुमान जी की तुलना भरत से करना उनके प्रति श्रीराम के गहरे स्नेह और सम्मान को दर्शाता है। इस प्रसंग में हनुमान जी को केवल सेवक या भक्त के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसी आत्मीयता के साथ देखा गया है।

चौपाई से मिलती है निस्वार्थ भक्ति की सीख

हनुमान चालीसा की यह चौपाई बताती है कि सच्ची भक्ति में अहंकार और किसी तरह के स्वार्थ के लिए जगह नहीं होती। जो व्यक्ति पूरी निष्ठा, प्रेम और समर्पण के साथ ईश्वर की सेवा करता है, उसे भगवान का विशेष स्नेह प्राप्त होता है।

यह पंक्ति भक्त को यह भी सिखाती है कि किसी रिश्ते की गहराई पद या पहचान से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और निस्वार्थ भाव से तय होती है।

Related posts