टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टिहरी गढ़वाल जिले में गुलार बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हादसे में लोगों की जान जाने की जानकारी दी है।
SDRF की टीमें मौके पर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। जिला मजिस्ट्रेट के मुताबिक, मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। खाई में गिरी बस से घायलों को निकालने और उन्हें मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने जताया हादसे पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि हादसे में हुई जनहानि और नुकसान की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसे में गई थी 6 लोगों की जान
उत्तराखंड में हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 30 अक्टूबर को जोशीमठ के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 यात्रियों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से छह यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा था। खराब मौसम के दौरान चाई और थायंग गांव के ऊपर यह हादसा हुआ था।
