यूपी में सीट बंटवारे से पहले ही कांग्रेस-सपा में पेंच! 181 सीटों की सूची के बाद टली पहली बैठक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर होने वाली पहली बैठक टल गई है। मंगलवार को प्रस्तावित बातचीत सोमवार देर शाम स्थगित कर दी गई। अब दोनों दलों के बीच तीन से चार दिन बाद चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है और इसी में से अपने लिए सीटें चाहती है। ऐसे में बैठक टलने के बाद गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर तालमेल पर सवाल उठने लगे हैं।

पहले बनेगी समन्वय समिति, फिर शुरू होगी बातचीत

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद तय हुआ कि समाजवादी पार्टी पहले एक समन्वय समिति बनाएगी। समिति के गठन के बाद सीट बंटवारे पर औपचारिक चर्चा शुरू होगी।

तीन-चार दिन बाद होने वाली बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता बातचीत की जिम्मेदारी संभालेंगे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने 181 सीटों की सूची में से कांग्रेस की दावेदारी वाली सीटों की संख्या बताने से इनकार किया। उनका कहना है कि सीटवार बातचीत शुरू होने के बाद ही इस बारे में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।

अजय माकन को मिली स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पार्टी ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को इसका अध्यक्ष बनाया है। असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

अखिलेश बोले- इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा चुनाव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा। उन्होंने कहा है कि सीटों के बंटवारे पर अभी बातचीत नहीं हुई है, लेकिन दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान के साथ तालमेल बनाया जाएगा। गठबंधन में सबसे बेहतर उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

सपा की ओर से बातचीत के लिए राज्यसभा सदस्य प्रोफेसर राम गोपाल यादव और सांसद राजीव राय को अधिकृत किया गया है। हालांकि, प्रस्तावित बैठक में उनके शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

उत्तराखंड में भी सीटें मांग सकती है सपा

सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सीटें देने के बदले समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में भी सीटों की मांग कर सकती है। बताया जा रहा है कि सपा वहां करीब 30 सीटों पर अपना दावा पेश कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में दोनों दलों के बीच बातचीत की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

Related posts