नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 17 राज्यों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में जल्द दस्तक दे सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है, वहीं बिहार के कुछ हिस्सों में लू का असर अभी भी बना रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर या शाम के समय धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क और गर्म बना रह सकता है।
राजस्थान में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पंजाब-हरियाणा में मिलेगी गर्मी से राहत
पंजाब और हरियाणा में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के कई जिलों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में मौसम संबंधी हादसों में तीन की मौत
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से बारिश और तेज आंधी का दौर जारी है। जैसलमेर और बाड़मेर में धूल भरे तूफान और बारिश के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। बाड़मेर जिले में कच्चे मकानों की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई।
