नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा और भव्य संस्करण बनने जा रहा है। पहली बार 48 देशों की टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी, जबकि कुल 1248 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट कई नए रिकॉर्ड कायम करने के लिए तैयार है।
12 जून से शुरू होने वाले इस विश्व कप में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के लिए सभी 48 देशों ने अपनी अंतिम टीमों का ऐलान कर दिया है। खिलाड़ियों की संख्या के लिहाज से यह अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप होगा।
891 खिलाड़ी पहली बार खेलेंगे विश्व कप
इस बार विश्व कप में शामिल 1248 खिलाड़ियों में से 891 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। वहीं 357 खिलाड़ी पहले भी किसी न किसी विश्व कप में अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
टूर्नामेंट में दुनिया के 71 देशों के 449 अलग-अलग क्लबों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जो इसकी वैश्विक पहुंच और लोकप्रियता को दर्शाता है।
उम्र के लिहाज से भी खास रहेगा टूर्नामेंट
विश्व कप 2026 में अनुभव और युवा प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन 43 वर्ष 162 दिन की उम्र के साथ सबसे उम्रदराज खिलाड़ी होंगे। दूसरी ओर मेक्सिको के गिल्बर्टो मोरा 17 वर्ष 240 दिन की उम्र में टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरेंगे।
इस विश्व कप में 20 वर्ष से कम उम्र के 22 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के सात खिलाड़ी भी अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पहली बार विश्व कप खेलेंगे चार देश
फीफा विश्व कप 2026 कई देशों के लिए ऐतिहासिक अवसर लेकर आया है। कैप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान पहली बार विश्व कप के मुख्य चरण में खेलने उतरेंगे। इन देशों के लिए यह उपलब्धि फुटबॉल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
मेसी और रोनाल्डो रचेंगे नया इतिहास
फुटबॉल जगत की दो सबसे बड़ी हस्तियां लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। अर्जेंटीना के मेसी, पुर्तगाल के रोनाल्डो और मेक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ अपने करियर का छठा फीफा विश्व कप खेलने उतरेंगे, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
इसके अलावा टूर्नामेंट में 22 ऐसे खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे, जो पहले विश्व कप विजेता टीमों का हिस्सा रह चुके हैं।
कोचिंग में भी बनेगा रिकॉर्ड
घाना के मुख्य कोच कार्लोस क्वेइरोज लगातार पांचवें विश्व कप में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। यह उपलब्धि भी विश्व फुटबॉल के इतिहास में खास मानी जा रही है।
