झांसी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, झाँसी स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र, झाँसी आकाश कुलहरि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी विकास कुमार सहित जनपद के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन किया गया। पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दे दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा जनसेवा, जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प व्यक्त किया गया। पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए शहीद जवानों का अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
झाँसी पुलिस कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को शत-शत नमन करती है तथा उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करती है।
