लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के भीतर मानसून की औपचारिक दस्तक होने की पूरी संभावना बन गई है। अनुमान है कि रविवार रात से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून प्रवेश करेगा, जबकि 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होते ही पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। जुलाई के पहले सप्ताह में पूर्वी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक अच्छी वर्षा के संकेत मिल रहे हैं। बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ ही तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है।
30 जून से बदलेगा मौसम, कई दिनों तक बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जून से लगातार तीन से चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
हालांकि मानसून के पहुंचने से पहले शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के करीब 35 जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है। कई इलाकों में लू जैसी परिस्थितियां भी जारी रह सकती हैं।
लखीमपुर खीरी रहा सबसे गर्म, लखनऊ में भी पारा 42 डिग्री के पार
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। लखीमपुर खीरी इस सीजन में पहली बार 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया।
बांदा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी लखनऊ में पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य तापमान से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अभी तीन दिन और सताएगी गर्मी, फिर मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने राजधानी समेत कई जिलों में शनिवार के लिए भी भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से लू का प्रभाव समाप्त होने लगेगा और मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।
