लखनऊ: राजधानी के गोमतीनगर जैसे वीआईपी इलाके में गुरुवार दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। आईसीआईसीआई बैंक की शाखा के बाहर एक महिला बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला उनका पति मानस बाजपेई था। इसके बाद आरोपी ने अपनी सगी बहन शीबा बाजपेई को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पत्नी पर बरसाईं गोलियां
गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा के बाहर दिव्या मिश्रा पर अचानक उनके पति ने हमला कर दिया। दिव्या बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने उन पर लगातार कई गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल होकर दिव्या सड़क पर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और इलाके में दहशत फैल गई।
पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी बनाया निशाना
पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी वहां से अपनी सगी बहन शीबा बाजपेई के पास पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने बहन पर भी गोलियां चला दीं। दोनों महिलाओं को गोली मारने के बाद आरोपी मानस बाजपेई ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। कुछ ही देर में तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
SBI में अधिकारी था आरोपी मानस बाजपेई
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानस बाजपेई स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मानस और उसकी पत्नी दिव्या के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ चुका था कि मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच गया था। पुलिस अब इसी विवाद समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल दिव्या मिश्रा को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल को सील कर पुलिस ने हथियार कब्जे में ले लिया। तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
गोमतीनगर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा मृतकों की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और वारदात की पूरी कड़ी का पता लगाया जा सके।
