यूपी-MP और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, पूर्वी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट; दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार

नई दिल्ली: मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने डिप्रेशन के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में भी भारी वर्षा, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर जारी रहने के आसार

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 22 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 25 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त के बीच भारी वर्षा के आसार हैं।

23 से 25 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

मध्य भारत में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। 20-21 अगस्त और 23-24 अगस्त के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 23 से 25 अगस्त के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। 22 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बहुत भारी बारिश हो सकती है।

विदर्भ में 20 से 22 अगस्त और 24 से 25 अगस्त के दौरान बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में 21-22 अगस्त के दौरान बारिश हो सकती है। 23 से 25 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में भी बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। 25 अगस्त तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। झारखंड में 22 से 25 अगस्त, बिहार में 21 से 23 अगस्त और ओडिशा में 21 से 25 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

20-21 अगस्त को झारखंड में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। बिहार में 19-20 और 24-25 अगस्त तथा ओडिशा में 19-20 अगस्त को भी बारिश के आसार हैं। 22 अगस्त को बिहार में मध्यम से गंभीर बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज बारिश के आसार

अरुणाचल प्रदेश में 22 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 22 और 25 अगस्त को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना है।

23 से 25 अगस्त के बीच अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, 23-24 अगस्त के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के आसार हैं। 22 अगस्त तक इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

पश्चिमी भारत में गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश

25 अगस्त तक कोंकण और गोवा में बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश हो सकती है। 21 से 25 अगस्त के दौरान मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुजरात में 20 से 25 अगस्त के बीच बारिश हो सकती है।

20 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का अनुमान

25 अगस्त तक आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में बारिश हो सकती है। केरल और लक्षद्वीप में 21-22 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। 20 अगस्त और 23 से 25 अगस्त के दौरान भी केरल और लक्षद्वीप में बारिश हो सकती है।

तटीय कर्नाटक में 25 अगस्त तक बारिश होने के आसार हैं।

 

Related posts