संपूर्ण समाधान दिवस, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

उन्नाव। बांगरमऊ तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) का आयोजन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।


संपूर्ण समाधान दिवस में आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव ने गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय सीमा के अंदर निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जांच कर शिकायतकर्ताओं को वास्तविक रूप से राहत पहुंचाई जाए।

इस मौके पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का संतोषजनक एवं शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा, जिससे फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने तथा शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला, तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार हरीकिशोर सहित राजस्व, स्थानीय निकाय, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts