Stock Market Today: कई दिनों की गिरावट के बाद हरे निशान में खुला बाजार, आईटी शेयरों में दिखी जोरदार तेजी

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। लगातार दबाव झेलने के बाद बाजार में आज शुरुआती कारोबार में हल्की रिकवरी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स हरे निशान में खुले, जबकि आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी नजर आई।

सेंसेक्स-निफ्टी ने बढ़त के साथ की शुरुआत

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 126.23 अंकों यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,441.27 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी 50 इंडेक्स 25.35 अंकों यानी 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,675.30 के स्तर पर खुला।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। इसके बाद नए सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भी बाजार दबाव में खुला था, हालांकि दिन के अंत में बाजार बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा।

निफ्टी की 33 कंपनियों ने हरे निशान में की शुरुआत

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में बाजार का रुख सकारात्मक दिखाई दिया। सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ खुले, जबकि 9 शेयर गिरावट में रहे। हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर बिना किसी बदलाव के खुले।

वहीं निफ्टी 50 की बात करें तो 50 में से 33 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार शुरू करने में सफल रहे, जबकि 17 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले।

आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार खरीदारी

शुरुआती कारोबार में आईटी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। इन्फोसिस के शेयर 3.20 प्रतिशत की उछाल के साथ खुले और यह सेंसेक्स का सबसे ज्यादा बढ़ने वाला शेयर रहा।

इसके अलावा टीसीएस में 2.23 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 2.10 प्रतिशत और एचसीएल टेक में 1.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आईटी शेयरों में खरीदारी से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिखाई दे रहा है।

इन दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भी आई तेजी

मंगलवार को बजाज फाइनेंस के शेयर 1 प्रतिशत तक चढ़े। वहीं आईटीसी, एलएंडटी, अडाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई।

इसके अलावा टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, इंडिगो, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, ट्रेंट और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी शुरुआती कारोबार में हरे निशान में रहे।

इन शेयरों पर रहा दबाव

दूसरी ओर कुछ कंपनियों के शेयरों में गिरावट भी देखने को मिली। टाइटन के शेयर 0.77 प्रतिशत टूटकर खुले और यह सेंसेक्स का सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर रहा।

इसके अलावा एटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व और सन फार्मा के शेयर भी शुरुआती कारोबार में लाल निशान में दिखाई दिए।

निवेशकों की नजर बाजार की दिशा पर

बाजार में फिलहाल निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और कॉरपोरेट नतीजों पर बनी हुई है। शुरुआती तेजी के बावजूद बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशक सतर्क रणनीति के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं।

 

Related posts