बाबा श्याम के भजनों से भक्तिमय हुआ जैतीपुर, तृतीय श्याम महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति के सागर में डूबे श्रद्धालु

उन्नाव। नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतीपुर में 17 नवंबर को श्री श्याम दीवाना मित्र मंडल के तत्वावधान में तृतीय श्याम महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और समर्पण देखते ही बना।

भक्ति गीतों, मधुर संगीत और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महोत्सव में कानपुर से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक विनय विनम्र, अभिषेक शुक्ला एवं कंचन त्रिवेदी ने अपनी सुरीली आवाज और भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों पर भक्त झूमते नजर आए और पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

वहीं आशीष पांडे म्यूजिकल ग्रुप कानपुर ने अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुतियों से भक्ति की छटा बिखेरी। शिवा शालू झांकी ग्रुप कानपुर द्वारा प्रस्तुत आकर्षक धार्मिक झांकियों ने महोत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

श्री श्याम दीवाना मित्र मंडल की ओर से आयोजित इस महोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी प्रेम, सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर संदेश दिया। आयोजन की मधुर स्मृतियां श्रद्धालुओं के मन में लंबे समय तक बनी रहेंगी।

Related posts