कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार लगातार बड़े फैसले लेती नजर आ रही है। इसी बीच अब कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम के बाहर लगी फुटबॉल थीम वाली चर्चित मूर्ति को हटाने का फैसला सामने आया है। खास बात यह है कि इस मूर्ति का डिजाइन पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद तैयार किया था।
खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने किया ऐलान
मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने इस फैसले की घोषणा की है। सरकार की ओर से कहा गया है कि स्टेडियम के बाहर स्थापित इस प्रतिमा को हटाया जाएगा। इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।
फुटबॉल थीम पर बनाई गई थी अनोखी प्रतिमा
सॉल्ट लेक स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्थापित इस प्रतिमा को खास क्रिएटिव अंदाज में तैयार किया गया था। मूर्ति में फुटबॉल खिलाड़ी के दोनों पैरों को फुटबॉल के साथ दर्शाया गया था, जबकि कमर से ऊपर के हिस्से की जगह केवल एक बड़ा फुटबॉल बनाया गया था। इस अनोखे डिजाइन को लेकर पहले भी काफी चर्चा हुई थी।
बताया जाता है कि इस प्रतिमा का कॉन्सेप्ट और डिजाइन खुद ममता बनर्जी ने तैयार किया था। यही वजह है कि इसे टीएमसी सरकार के दौरान एक प्रतीकात्मक पहचान के तौर पर देखा जाता रहा।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर कब्जा किया, जबकि टीएमसी को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी ने अपने वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया।
सरकार बनने के बाद से ही प्रशासनिक स्तर पर लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार पुराने शासनकाल से जुड़े कई प्रतीकों और फैसलों की समीक्षा कर रही है।
एक्शन मोड में दिख रही नई सरकार
मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी लगातार सख्त रुख अपनाते नजर आ रहे हैं। सरकार की ओर से कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि राज्य में अपराध और अव्यवस्था को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में राज्य सरकार और कौन-कौन से बड़े कदम उठा सकती है। वहीं टीएमसी की ओर से इस पूरे मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
