क्राइस्ट द किंग कॉलेज में आयोजित हुआ “संविधान संवाद” विधिक जागरूकता कार्यक्रम….

विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति किया जागरूक

झांसी। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी कमलेश कच्छल के कुशल मार्गदर्शन एवं मुन्नालाल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के निर्देशानुसार संचालित ‘संविधान संवाद’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार, 18 नवम्बर 2026 को क्राइस्ट द किंग कॉलेज (CKC), झांसी में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अपर सिविल जज (जू.डि.) धीरेंद्र कुमार, रिसोर्स पर्सन एवं संस्थान के पूर्व छात्र सचिन जैन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सिविल जज धीरेंद्र कुमार ने भारतीय संविधान के महत्व एवं उसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान जहां हमारे अधिकारों की रक्षा करता है, वहीं हमें अपने नागरिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने, नियमों का पालन करने, दूसरों का सम्मान करने तथा समानता, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।


रिसोर्स पर्सन श्री सचिन जैन ने विद्यार्थियों को विभिन्न संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी तथा भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक श्री आदिल जाफरी ने प्राधिकरण के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए समाज के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता और सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।


कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य फादर डेनिस ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर सीकेसी कोऑर्डिनेटर ऑस्कर फ्रांसिस, नोडल शिक्षक स्मिता कैनेथ, गौरव सागर, रोहित झा सहित अन्य शिक्षकगण तथा पराविधिक स्वयंसेवक सुश्री रंजना रायकवार, नैनिका वाल्मीकि एवं वैशाली प्रजापति उपस्थित रहीं।

Related posts