श्रावस्ती: एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी रविवार को श्रावस्ती पहुंचे। भिनगा में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने भिनगा विधानसभा क्षेत्र से हाजी दद्दन खां को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। दद्दन खां हाल ही में बहुजन समाज पार्टी से अलग होकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन में शामिल हुए हैं। ओवैसी के दौरे के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
सभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कुंवारों के हाथ में है। तंज कसते हुए ओवैसी ने कहा कि जब कमरा भी कुंवारों को नहीं दिया जाता तो प्रदेश कैसे दे दिया जाए।
‘अब्दुल सिर्फ दरी बिछाए, वोट दे और घर जाए’
ओवैसी ने तथाकथित धर्मनिरपेक्ष और विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाया कि वे उत्तर प्रदेश में मुसलमानों का मजबूत राजनीतिक दल खड़ा होते या सत्ता में उनकी हिस्सेदारी बढ़ते नहीं देखना चाहतीं। उन्होंने कहा कि इन दलों की राजनीति में अब्दुल से सिर्फ चुनावी रैलियों में दरी बिछाने, नेताओं के जिंदाबाद के नारे लगाने और वोट देने की उम्मीद की जाती है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और अधिकारों के लिए खुद आवाज उठानी होगी।
अखिलेश यादव पर भी ओवैसी का हमला
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को ‘चाइना का माल’ बताते हुए कहा कि ऐसा माल ज्यादा दिन नहीं चलता। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए हाथ बढ़ाया था, लेकिन अखिलेश यादव की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका हाथ अखिलेश यादव के ‘गिरेबान’ तक भी जा सकता है। हालांकि ओवैसी ने साथ ही कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए आज भी इंडिया गठबंधन के साथ हाथ मिलाना पड़ा तो वह इसके लिए तैयार हैं।
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी उठाए सवाल
एआईएमआईएम प्रमुख ने मदरसों, कब्रिस्तानों और मजारों को लेकर भी सरकार और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मदरसों को बंद किया जा रहा है और मदरसों, कब्रिस्तानों तथा मजारों को बुलडोजर से ढहाया जा रहा है, लेकिन सपा और अन्य कथित धर्मनिरपेक्ष दलों ने अपनी आंख, कान और मुंह बंद कर रखे हैं।
ओवैसी ने दावा किया कि श्रावस्ती में करीब 300 मदरसे बंद किए गए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि 18 मदरसों, 37 कब्रिस्तानों और मजारों को ढहाया गया है।
AIMIM में शामिल होते ही दद्दन खां पर दर्ज हुई रिपोर्ट
हाजी दद्दन खां के एआईएमआईएम में शामिल होने के बाद उनकी मुश्किलें भी बढ़ गई थीं। श्रावस्ती में दद्दन खां, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
दरअसल, 12 सितंबर को हाजी दद्दन खां को एआईएमआईएम की सदस्यता दिलाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जुटे थे। इसी दौरान काफिले के साथ शहर में शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो निकाला गया था।
पुलिस के मुताबिक, जुलूस और रोड शो के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। भिनगा कोतवाली के पास पहुंचने पर पुलिस ने काफिले को घेरकर सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली से काफी देर तक पूछताछ की।
