लखनऊ: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने हुड़दंग से लोकतंत्र को बदरंग करने का काम कर रही है। केशव मौर्य ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर राजनीति के नाम पर नौटंकीबाजी करने का आरोप लगाया।
विपक्ष के पास नहीं है कोई ठोस मुद्दा: केशव मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के अलावा INDIA गठबंधन में शामिल टीएमसी, उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना और आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियों के पास उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो केंद्र सरकार के खिलाफ कोई ठोस बात है और न ही उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार के खिलाफ कोई मजबूत मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ऐसे मुद्दों को उठाने की कोशिश कर रहा है, जिनका वास्तव में कोई आधार नहीं है।
मतदाता सूची को लेकर दिया ये बयान
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है तो उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना चाहिए। वहीं, अगर किसी मतदाता का नाम एक से अधिक जगह दर्ज है तो उसे सिर्फ एक ही जगह रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े सभी काम संवैधानिक नियमों के तहत होने चाहिए। उनके मुताबिक, बिना आधार वाले मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी और विपक्ष पर साधा निशाना
केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी और उनके साथ जुड़े नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शिवजी की बारात की भी समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के हिसाब से चलता है और यहां हर काम संवैधानिक नियमों के अनुसार ही किया जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनसे जुड़े लोग राजनीति के नाम पर नौटंकीबाजी कर रहे हैं। केशव मौर्य ने कहा कि देश की जनता इस तरह के राजनीतिक ड्रामे को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
