बेंगलुरु: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। येल्लापुर थाना क्षेत्र के अराबैल घाट स्थित बालागारा क्रॉस के पास कार और लॉरी की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ।
धर्मस्थल जा रहे थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार, बहुउद्देश्यीय वाहन (एमयूवी) में चालक समेत नौ लोग सवार थे। सभी धारवाड़ से धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हुबली के केआईएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक संजीव कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क के दाईं ओर चला गया और सामने से आ रही लॉरी से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया गया है कि चालक एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के साथ पार्ट-टाइम डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में भी काम करता था।
धारवाड़ के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग धारवाड़ के निवासी थे। मृतकों की पहचान चालक संजय अंगड़ी (33), बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26) और मंजूनाथ चुलाकी (32) के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घायल की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घायल शिवराज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही येल्लापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
