चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। संभावित समझौते में अकाली दल को बड़े भाई की भूमिका में रखा जा सकता है, लेकिन सीटों के बंटवारे में भाजपा अपनी हिस्सेदारी पहले के मुकाबले करीब दोगुनी करने की तैयारी में है। पार्टी 43 से 47 विधानसभा सीटों पर दावा कर सकती है, जबकि पिछले गठबंधन में वह 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। मुख्यमंत्री पद अकाली दल के पास रहने की संभावना जताई जा रही है।
इस संभावित समीकरण के पीछे दोनों दलों के बदले राजनीतिक आधार और पंजाब के सामाजिक समीकरण अहम माने जा रहे हैं। भाजपा की रणनीति में राज्य में अपनी चुनावी हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ नशे के खिलाफ अभियान को भी प्रमुखता दी जा रही है।
शहरी और हिंदू बहुल इलाकों पर भाजपा की नजर
भाजपा की बढ़ी हुई सीटों की दावेदारी के पीछे उसका शहरी और हिंदू मतदाता आधार प्रमुख वजह माना जा रहा है। पठानकोट, जालंधर, होशियारपुर, फाजिल्का और शहीद भगत सिंह नगर ऐसे पांच जिले हैं, जहां हिंदू आबादी बहुमत में है। इन जिलों में विधानसभा की कुल 26 सीटें हैं।
इसके अलावा गुरदासपुर, फिरोजपुर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, कपूरथला और मोहाली में हिंदू आबादी 40 प्रतिशत से अधिक है। इन सात जिलों में 43 विधानसभा सीटें आती हैं। लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, पठानकोट और पटियाला जैसे शहरी प्रभाव वाले जिलों में भी भाजपा अपनी राजनीतिक मौजूदगी को अहम मानती है।
लोकसभा चुनाव में बढ़ा भाजपा का वोट शेयर
भाजपा अपनी बढ़ी हुई दावेदारी के समर्थन में 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़ों को भी आधार बना रही है। पंजाब में पार्टी का वोट शेयर 2019 के 9.63 प्रतिशत से बढ़कर 2024 में 18.56 प्रतिशत हो गया था। इसके उलट अकाली दल का वोट शेयर 22.45 प्रतिशत से घटकर 13.42 प्रतिशत रह गया।
विधानसभा क्षेत्रों के लिहाज से भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 23 क्षेत्रों में आगे रही थी, जबकि अकाली दल को नौ क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। भाजपा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर पुराने 23 सीटों वाले समझौते से आगे बढ़कर अधिक सीटें मांग सकती है।
नशे के खिलाफ अभियान भी रणनीति का हिस्सा
पंजाब में सत्ता हासिल करने की कोशिश के साथ भाजपा नशे के खिलाफ अभियान को भी राजनीतिक प्राथमिकता के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिसंबर 2029 तक देश से नशे की समस्या खत्म करने का लक्ष्य रखा है। पंजाब में सरकार बनने की स्थिति में इस अभियान की कमान अपने हाथ में लेना भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है।
1996 से 2020 तक साथ रहे थे दोनों दल
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 1996 से सितंबर 2020 तक चला था। उस दौरान अकाली दल का प्रभाव ग्रामीण इलाकों और जाट सिख समुदाय में था, जबकि भाजपा शहरी हिंदुओं और व्यापारियों के बीच मजबूत आधार रखती थी।
दोनों दलों ने 1997 में मिलकर 93 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2007 और 2012 में गठबंधन की सरकार भी बनी। हालांकि, 2017 के चुनाव में बेअदबी और बहिबल कलां-कोटकपूरा गोलीकांड के मुद्दों ने अकाली दल को राजनीतिक नुकसान पहुंचाया। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था।
अब दोनों दल पुराने सामाजिक समीकरण को फिर से सक्रिय करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। हालांकि, 2027 के चुनाव के लिए सीटों और मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम समझौता होना अभी बाकी है।
