England ODI Series: रोहित शर्मा का मास्टर प्लान तैयार, सीरीज से पहले लंदन पहुंचकर शुरू की खास तैयारी

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टीम इंडिया के लिए अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलने वाले रोहित सीरीज से पहले ही इंग्लैंड पहुंच गए हैं, ताकि वहां की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें।

विश्व कप 2027 को ध्यान में रखकर तैयारी

रोहित शर्मा का लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनना है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले हर वनडे सीरीज उनके लिए अहम मानी जा रही है। ऐसे में इंग्लैंड दौरा उनके प्रदर्शन और फिटनेस, दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

लंदन में शुरू किए नेट अभ्यास सत्र

रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा इंग्लैंड की परिस्थितियों में जल्दी ढलने के लिए पहले ही लंदन पहुंच गए हैं। उन्होंने लंदन के आसपास क्लब मैदानों में कई नेट सत्रों में बल्लेबाजी अभ्यास किया है। इसका उद्देश्य इंग्लैंड की स्विंग और सीम वाली परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार करना है।

फिटनेस पर भी रहेंगी सबकी नजरें

आईपीएल 2026 के दौरान हैमिस्ट्रिंग चोट के कारण रोहित शर्मा पांच मुकाबले नहीं खेल पाए थे। इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठे थे। ऐसे में इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन यह तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है कि वह आगामी बड़े टूर्नामेंटों के लिए कितने तैयार हैं।

इंग्लैंड में रोहित का रिकॉर्ड देता है भरोसा

रोहित शर्मा का इंग्लैंड में वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां 27 वनडे मुकाबलों में 64.9 की औसत से 1428 रन बनाए हैं, जो किसी भी विदेशी बल्लेबाज द्वारा इंग्लैंड में बनाया गया सर्वाधिक रन का आंकड़ा है। अब सभी की नजरें 14 जुलाई से शुरू होने वाली वनडे सीरीज पर होंगी, जहां रोहित अपनी फॉर्म और फिटनेस दोनों का दम दिखाने की कोशिश करेंगे।

 

Related posts