शादी की खुशियां मातम में बदलीं! देवघर दर्शन को निकला परिवार लखीसराय हादसे का शिकार, 5 की मौत; दूल्हा जिंदगी के लिए लड़ रहा जंग

लखीसराय: बिहार के लखीसराय में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी से पहले भगवान का आशीर्वाद लेने देवघर जा रहे मोतिहारी के एक परिवार की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में दूल्हा बनने जा रहे शेखर गुप्ता की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतक और घायल पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से देवघर पूजा करने के लिए निकले थे। हादसे में शेखर गुप्ता के परिवार के कई सदस्यों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

शादी की तैयारी के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मोतिहारी के ढाका थाना क्षेत्र के ढाका मोहल्ला निवासी शेखर गुप्ता की शादी 12 दिसंबर को चकिया में तय हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सभी लोग खुश थे। इसी बीच परिवार के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया।

शेखर के चाचा नंदकिशोर प्रसाद और चाची बेबी देवी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर शेखर अपनी मां, दो बहनों, बहनोई और अन्य लोगों के साथ देवघर पूजा करने के लिए सोमवार देर रात स्कॉर्पियो से रवाना हुआ था।

ट्रेन की जगह सड़क मार्ग से जाने का लिया था फैसला

परिजनों के अनुसार, पहले देवघर जाने के लिए ट्रेन से यात्रा करने की योजना थी, लेकिन बाद में शेखर ने सड़क मार्ग से जाने का फैसला किया और किराये पर स्कॉर्पियो बुक की। रास्ते में लखीसराय के तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर के पास अलसुबह भीषण हादसा हो गया।

हादसे में शेखर के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी बहन स्वीटी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

मां, बहन और बहनोई की मौत से परिवार सदमे में

घायल शेखर गुप्ता ढाका थाना के सामने रंग-पेंट की दुकान चलाता है। वह अपने दुकान के कर्मचारी मुन्ना कुमार को भी यात्रा में साथ ले गया था।

हादसे में शेखर की मां सुनीता उर्फ मीना देवी, बहन पल्लवी देवी और बहनोई राकेश गुप्ता समेत पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ है।

प्रशासन ने संभाली स्थिति, घायलों को भेजा गया पटना

हादसे की सूचना के बाद ढाका विधायक पवन जायसवाल ने कबैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। वहीं तेतरहाट थाना अध्यक्ष ईलू उपाध्याय, कबैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई और गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए पटना भेजा गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें मोतिहारी भेज दिया गया है।

Related posts