जिलाधिकारी ने फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना…..

उन्नाव। जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में जनपद में फसल अवशेष (पराली) जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण एवं भूमि की उर्वरा शक्ति पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जनपद की सभी तहसीलों में पहुंचकर जन सामान्य को फसल अवशेष प्रबंधन से होने वाले लाभ और हनियों के सम्बंध में जागरूक करेगा। सभी तहसीलों के लिए एक -एक जागरूकता वाहन भेजा जाएगा।


जिलाधिकारी ने कहा कि फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन किया जाए। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी के मित्र जीवों को नुकसान पहुंचता है। किसान आधुनिक कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें तथा उन्हें जैविक खाद के रूप में उपयोग में लाएं।


उन्होंने कहा कि जागरूकता वाहन के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा शासन की योजनाओं एवं उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।


जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पराली न जलाएं और फसल अवशेष प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें।

Related posts