नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और असम-मेघालय के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, 9 जुलाई से मध्य भारत के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में कई दिनों तक बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 14 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। साथ ही कुछ इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
मध्य भारत में भी असर
पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पूर्वी राज्यों में भी बारिश का दौर
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बिहार में 9 और 10 जुलाई को गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर में लगातार बरसेंगे बादल
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई दिनों तक व्यापक वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बारिश के आसार
कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अनुमान है। कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
मछुआरों के लिए विशेष एडवाइजरी
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाओं और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
