मॉनसून का बड़ा अलर्ट! दिल्ली-UP-बिहार समेत 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, कई जगह रेड तो कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई तक बारिश का दौर लगातार जारी है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को देश के 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

इन 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा गुजरात के कई हिस्सों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं।

दिल्ली में 10 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 8 से 10 जुलाई तक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए चेतावनी

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर और गया सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मुंबई, ठाणे और गुजरात के लिए अलग-अलग अलर्ट

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। दूसरी ओर गुजरात के कई हिस्सों में बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में दो दिन बेहद भारी बारिश की आशंका

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और जोधपुर समेत कई जिलों में 8 और 9 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 10 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।

पश्चिम बंगाल में नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, दार्जिलिंग और आसपास के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तीस्ता और तोर्सा जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

 

Related posts