दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी, चांदनी चौक में AQI 317; नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का हाल भी जानिए

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। तापमान में गिरावट के बीच शनिवार सुबह भी कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब बनी रही। राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 250 के पार दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां एक्यूआई 317 तक पहुंच गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

चांदनी चौक में सबसे खराब रही हवा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 279 दर्ज किया गया। वहीं, चांदनी चौक में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा और यहां एक्यूआई 317 रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण का असर राजधानी के आसपास के शहरों में भी देखने को मिल रहा है।

नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हवा खराब

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक्यूआई 300 से नीचे रहा, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हरियाणा के गुरुग्राम में भी प्रदूषण का स्तर 250 से नीचे रहा। हालांकि, पिछले कई दिनों से यहां एक्यूआई इसी स्तर के आसपास बना हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में कहां कितना रहा AQI

स्थानAQIश्रेणी
आनंद विहार279खराब
अशोक विहार243खराब
बवाना, दिल्ली275खराब
चांदनी चौक, दिल्ली317बहुत खराब
आईजीआई एयरपोर्ट312बहुत खराब
नोएडा सेक्टर-62298खराब
गाजियाबाद234खराब
लोनी, गाजियाबाद223खराब
गुरुग्राम234खराब

आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार।

वाहनों का धुआं पीएम 2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारण

दिल्ली में वाहनों से निकलने वाला धुआं पीएम 2.5 प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल है। राजधानी का एक्यूआई लगातार तीसरे दिन बढ़कर 226 पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को यह 224 और बुधवार को 220 दर्ज किया गया था।

शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम था। वहीं, अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा।

IGI एयरपोर्ट पर शुक्रवार को AQI 346

शुक्रवार को दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से 36 पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। 17 केंद्रों पर हवा मध्यम श्रेणी में रही, जबकि चार केंद्रों पर एक्यूआई बहुत खराब दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 निगरानी केंद्र पर प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा, जहां एक्यूआई 346 रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की आशंका है। वहीं, रविवार को प्रदूषण का स्तर बढ़कर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकता है।

Related posts