यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा दांव, विनोद तावड़े को बनाया प्रभारी, गुजरात-पंजाब की भी कमान तय

नई दिल्ली: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में संगठन को लेकर बड़ा फैसला किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को तीनों राज्यों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी गई है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है।

सतीश पूनिया पंजाब और तरुण चुघ गुजरात के प्रभारी

बीजेपी ने सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, तरुण चुघ को गुजरात का राज्य प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की ओर से की गई इन नियुक्तियों को तीनों राज्यों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों के बीच पार्टी की गतिविधियों में बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

नितिन नवीन ने एक दिन पहले घोषित की थी नई टीम

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम का ऐलान किया था। इसमें कई पुराने चेहरों की वापसी के साथ संगठन के अलग-अलग हिस्सों में बदलाव किए गए हैं। ये नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कई राज्यों में अपनी संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत कर रही है।

नई टीम में अमित मालवीय को पार्टी के आईटी सेल प्रमुख के पद से हटाया गया है। वहीं तेजस्वी सूर्या को बीजेपी की युवा शाखा के अध्यक्ष पद से हटाया गया है। दीपक म्हास्के को आईटी और सोशल मीडिया विंग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा की कमान सौंपी गई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारी दी गई है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की भी बीजेपी के राष्ट्रीय संगठनात्मक ढांचे में वापसी हुई है।

कौन हैं विनोद तावड़े?

विनोद तावड़े महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक दिन पहले ही उन्हें अपनी नई टीम में राष्ट्रीय महासचिव बनाया था। तावड़े को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है और वह इससे पहले कई राज्यों में पार्टी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

इस साल हुए केरल विधानसभा चुनाव के दौरान भी विनोद तावड़े बीजेपी के प्रभारी थे। उनके कार्यकाल में बीजेपी ने केरल विधानसभा में पहली बार अपना खाता खोला। इससे पहले 2022 में उन्हें बिहार का प्रभारी बनाया गया था। उनके मार्गदर्शन में बीजेपी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया था।

यूपी में बीजेपी के लिए अहम है अगला चुनाव

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए विनोद तावड़े की नियुक्ति को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी की नई संगठनात्मक टीम के गठन के साथ ही अब तीनों राज्यों में चुनावी तैयारियों को गति देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर रहेगा।

 

Related posts