उन्नाव। सिकंदपुर सरोसी ब्लॉक की बौनामऊ ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन में गड़बड़ी का आरोप लगा है। मंगलवार को पब्लिक अधिकार सोशलिस्ट इंडियन पार्टी के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जांच की मांग उठाई। दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी के नाम का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को सौंपा। इसमें पात्र परिवारों के नाम सूची से हटाने और अपात्रों को योजना का लाभ देने की शिकायत की गई।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार रावत की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत बौनामऊ में पात्रता सूची तैयार करने और लाभार्थियों के चयन में मनमानी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार सेवक की मिलीभगत से पात्र परिवारों के नाम काट दिए गए। ज्ञापन में देवी पत्नी देवी दीन, सीमा देवी पत्नी संतोष और सुनीता देवी पत्नी बिहारी के नाम शामिल हैं।
आरोप है कि तीनों के नाम पहले पात्रता सूची में थे, लेकिन बाद में हटा दिए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आवास योजना की पात्रता सूची में नाम बनाए रखने के लिए 20 हजार रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर सूची से नाम हटाने की बात कही गई। ज्ञापन में इस मामले की भी जांच कराने की मांग की गई है। पदाधिकारियों ने आवास योजना के लाभार्थियों के चयन की उच्चस्तरीय जांच कराने और पात्रता सूची का दोबारा सत्यापन करने की मांग की। उन्होंने कथित गड़बड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई। इसके अलावा कुतुबपुर और सेवामऊ कोटेर के जरूरतमंद और बेघर परिवारों की पात्रता नए सिरे से जांचने की बात कही। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक पात्रों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
