दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में पिता पुत्र घायल

उन्नाव। बांगरमऊ सोमवार देर शाम उन्नाव मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से घायलों को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां के चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर बताकर हायर सेंटर रेफर कर दिया।


नगर के संडीला रोड निवासी प्रदीप शुक्ला पुत्र राम औतार अपने पुत्र अभिषेक के साथ हफीजाबाद में दुकान बंद कर सोमवार देर शाम करीब 9 बजे बाइक से वापस घर आ रहे थे।

रास्ते मे उन्नाव मार्ग पर हरियाली पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई । टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार सुनील पुत्र राधेलाल निवासी मोहल्ला कटरा बांगरमऊ भी घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।

Related posts