डायन का नाइट आउट! आधी रात की सैर के पीछे छुपा है ‘दिलचस्प दर्द’

शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

रात के 12 बजते ही सड़कें सुनसान… हवा में अजीब सी सरसराहट… और अचानक कोई लंबा बाल खोलकर घूमता दिख जाए! डरिए मत… हो सकता है वो बस अपनी अधूरी “नाइट आउट” की इच्छा पूरी कर रही हो।

कभी आपने गौर किया है कि ये जो प्रेतनी, डायन और चुड़ैल होती हैं—ये हमेशा आधी रात को ही क्यों घूमती हैं? दिन में तो कहीं दिखती नहीं, लेकिन रात के 12 बजते ही जैसे इनकी “ड्यूटी” शुरू हो जाती है।

अब असली राज सुनिए बाबू… जब ये ज़िंदा थीं ना… तब इनका पूरा “नाइट आउट सिस्टम” ही ठप था!

पापा बोले – “रात को बाहर जाना मना है!”
भाई बोले – “घर में रहो, इज्जत का सवाल है!”
बॉयफ्रेंड बोला – “मैं सो रहा हूँ, कल मिलते हैं।”
पति बोला – “इतनी रात को कहाँ जाओगी? गैस बंद की कि नहीं?”

बस… जिंदगी भर “9 बजे के बाद घर में रहो” का नोटिस चिपका रहा। अब मरने के बाद… आत्मा ने सोचा – “अब तो कोई रोकने वाला नहीं है, अब तो पूरी नाइट लाइफ जियेंगे!”

डायन का डेली रूटीन

रात 12:00 बजे – उठना
12:15 – बाल खोलना (स्पेशल इफेक्ट के लिए)
12:30 – पुरानी हवेली के सामने वॉक
1:00 – “हूँsss हूँsss” की प्रैक्टिस
2:00 – पेड़ पर बैठकर दुनिया को घूरना
3:00 – किसी को डराकर एंटरटेनमेंट लेना

और सुबह 5 बजे – “चलो अब सो जाते हैं, वरना सूरज निकल आया तो लोग फिर जज करेंगे!”

अधूरी ख्वाहिशें, फुल ऑन फ्रीडम

असल में ये सारी प्रेतनियाँ “लेट नाइट पार्टी” की ब्रांड एंबेसडर हैं। जिंदगी में जो नहीं मिला—अब उसकी EMI वसूल रही हैं। कोई कहती है  “काश मैं भी दोस्तों के साथ रात में चाय पीती…” दूसरी बोलती है: “मुझे भी 2 बजे मैगी खाने का सपना था…” तीसरी कहती है: “मुझे भी स्कूटी लेकर खाली सड़क पर घूमना था…”

अब ये सब मिलकर रात को “Ghost Girls Night Out” करती हैं।

साइंस vs डायन लॉजिक

वैज्ञानिक कहेंगे:
“यह सब दिमाग का भ्रम है…”

लेकिन असली सच्चाई ये है कि—
ये सब ‘लेट नाइट फ्रीडम मूवमेंट’ है!

एक तरह का आंदोलन है—
“जिंदगी में नहीं जी पाए, तो मरने के बाद ही सही!”

इंसानों के लिए सबक

अगर आप आज भी घर में किसी को कहते हैं— “रात में बाहर मत जाओ”, “लड़कियाँ नाइट आउट नहीं करतीं” तो ध्यान रखिए…कल को वही लोग डायन बनकर आपके सामने घूम सकते हैं!

तो अगली बार अगर आधी रात को कोई चुड़ैल दिखे…डरना मत…बस प्यार से पूछना “मैडम, आज का नाइट आउट कैसा चल रहा है?”

क्योंकि हो सकता है…वो बस अपनी अधूरी जिंदगी की “लेट नाइट पार्टी” एन्जॉय कर रही हो!

10 लाख में खरीदी किडनी, 90 लाख में बेची—कानपुर में खुला मौत का धंधा

Related posts

Leave a Comment