उत्तर प्रदेश का मतदाता भाजपा को हराने के लिए करेगा वोट……..पूर्व मंत्री शकील खान नदवी

उन्नाव। बांगरमऊ,एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व राज्य मंत्री व सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शकील खान नदवी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि ओवैसी और रावण के गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश का मतदाता भाजपा को हराने के लिए वोट करेगा।

नगर के एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुसलमान कहीं नहीं जाने वाला है। मुसलमान समाजवादी पार्टी के साथ था, है और रहेगा। सपा में मुस्लिम की भागीदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी के फार्मूले पर टिकट का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिताऊ प्रत्याशी को ही टिकट मिलेगा, चाहे वह किसी भी समाज का हो। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास के नाम पर चुनाव लड़ेगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लगातार यही कह रहे हैं कि इस बार जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिली, किसानों को सम्मान नहीं मिला और आम आदमी महंगाई से परेशान है। श्री खान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का नारा पीडीए – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक को जोड़कर सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, किसानों को सुविधाएं और छात्रों को बेहतर शिक्षा दी जाएगी। विकास ही सपा का असली एजेंडा है।

श्री खान ने कहा कि 10 वर्षों के कार्यकाल में भाजपा के पास कुछ भी बताने को नहीं है। पहले वोट चोरी की, अब फर्जी वोट बनवाने की फिराक में है । उन्होंने कहा कि योगी जी की इस मंशा को सपा कार्यकर्ता पूरी नहीं होने देंगे। हर बूथ पर सपा कार्यकर्ता नजर रखेंगे। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन होगा और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा को हराएगा। पत्रकार वार्ता के समय पूर्व विधायक बदलू खान, शुजाउर्रहमान सफवी, नासिर खान, राशिद खान, आजाद खान, अरकान अहमद व गुलिस्तान खान आदि सपा नेता मौजूद रहे।

Related posts