श्री कृष्ण लीला महोत्सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे

उन्नाव। बांगरमऊ,श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति द्वारा आयोजित 74वें श्री कृष्ण लीला महोत्सव में वृंदावन से पधारे श्री वृंदावन राम कृष्ण लीला संस्थान के संस्थापक स्वामी लेखराज शर्मा लेखू बाबा एवं संचालक नंदकिशोर शर्मा के सानिध्य में चल रही 9 दिवसीय रासलीला के चतुर्थ दिवस में चंद्रहास लीला का भव्य मंचन किया गया। लीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।


लीला की शुरुआत में कुंदन जायसवाल सुपुत्र सूर्य प्रकाश जायसवाल अन्ना के द्वारा राधा-कृष्ण का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी गई एवं सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला के संरक्षक सुधीर कुमार मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। लीला में दिखाया गया कि चंद्रहास ने भक्ति के बल पर किस प्रकार संकटों पर विजय प्राप्त की। कलयुग में किसकी क्षमता ज्यादा है, शनि की या लक्ष्मी की, इसी विषय को लेकर यह लीला मंचित की गई। अपने-अपने को श्रेष्ठ साबित करने के लिए शनि देव और देवी लक्ष्मी कुंतल नरेश के दरबार में गए। वहां शनि देव ब्राह्मण के रूप में और देवी लक्ष्मी ब्राह्मणी के रूप में रहने लगे।

शनि देव कुंतल नरेश को बर्बाद करने के लिए तैयार रहे और लक्ष्मी देवी उन्हें आबाद करने के लिए तैयार रहीं। शनि देव ने कुंतल नरेश के सारे परिवार का नाश कर दिया, लेकिन मां लक्ष्मी की कृपा से उनके पुत्र चंद्रहास बचे रहे। अंत में भक्त चंद्रहास के द्वारा देवी लक्ष्मी की जीत हुई और शनि देव की पराजय हुई। शनि देव ने अपनी पराजय स्वीकार की और देवी लक्ष्मी की जय-जयकार की। इस दृश्य पर पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने लीला के मंचन को खूब सराहा।

Related posts