लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नौतपा का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है, जबकि गर्म हवाएं और धूल भरी आंधियां हालात को और कठिन बना सकती हैं।
राजधानी लखनऊ भी इस समय तेज गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को शहर का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान भी 32 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिनभर उमस और लू जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है।
अगले 7 दिन भी नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल अगले सात दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान क्रमशः 45, 46, 44, 42, 40, 41 और 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है। इससे साफ है कि प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा।
प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। रात के समय भी गर्म हवाओं के चलते तापमान में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मई के आखिर और जून की शुरुआत में बदलेगा मौसम
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर भी दी है। विभाग के अनुसार मई के अंतिम दिनों और जून की शुरुआत में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और कुछ पश्चिमी जिलों में बादल छाने, तेज आंधी और झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का मानना है कि बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी। फिलहाल प्रदेशभर में लोग मानसून पूर्व बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
